पेट्रोल महंगाई के बीच एसईसीएल कर्मचारियों के लिए ई-स्कूटी योजना की मांग, प्रबंधन को सौंपा सुझाव

कोरबा 20 मई। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड प्रबंधन से कर्मचारियों के लिए ई-स्कूटी सुविधा शुरू करने की मांग की है।
कोयला मजदूर सभा के महामंत्री नाथूलाल पाण्डेय ने निदेशक (मानव संसाधन) को पत्र लिखकर कहा है कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से कर्मचारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। साथ ही वैश्विक ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर आम लोगों के जीवन-यापन पर भी पड़ रहा है।
पत्र में कहा गया है कि कई कर्मचारी रोजाना ड्यूटी और आवागमन के खर्च को लेकर परेशान हैं। ऐसे में कर्मचारियों को ई-स्कूटी सुविधा उपलब्ध कराना एसईसीएल की दूरदर्शी और कर्मचारी हितैषी पहल साबित हो सकती है।
महामंत्री नाथूलाल पाण्डेय ने सुझाव दिया है कि कंपनी कर्मचारियों के लिए सब्सिडी युक्त ई-स्कूटी योजना, आसान किस्त सुविधा या कंपनी समर्थित इलेक्ट्रिक वाहन सहायता योजना शुरू करे। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों के परिवहन खर्च में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और सरकार की हरित ऊर्जा नीति को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही कर्मचारियों की सुविधा, समयपालन और मनोबल में भी सुधार होगा।
कोयला मजदूर सभा ने उम्मीद जताई है कि एसईसीएल प्रबंधन श्रमिक कल्याण और सतत विकास को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।
