सुशासन तिहार 2026-ग्राम पंचायत डोंगरी में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

183 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण

कोरबा, 19 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत डोंगरी में आज व्यापक स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगरी, राल, रंजना, मोहनपुर, देवगांव, झाबर, चाकाबुड़ा एवं कोलिहामूड़ा सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए तथा अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल रहे। शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 654 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 183 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर निराकरण हेतु प्रेषित किया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। खाद्य विभाग द्वारा 9 राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा 4 किसानों को सिंचाई पंप वितरित किए गए तथा किसान किताब प्रदान की गईं। समाज कल्याण एवं सहकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा सहकारिता विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को चेक वितरण कर लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलबाई गोविंद सिंह कंवर, जनपद सदस्य श्री अरुण कुमार कंवर, श्री कमल बेलदार, विधायक प्रतिनिधि श्री राज कुमार कश्यप, श्री रवि रजक, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री राम प्रसाद कोर्राम, श्री गोविंद सिंह कंवर एवं श्रीमती ममता मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the word