यूएई में एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बाहर किया गया ड्रोन हमला

दुबई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बाहर ड्रोन हमला हुआ। इसकी वजह से आग लग गई। अल धाफरा स्थित बरकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र की बाहरी सीमा के बाहर स्थित एक जनरेटर में आग लगी। किसी के और रेडिएशन सुरक्षा स्तर पर कोई असर नहीं पड़ा है। संयंत्र के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। इस घटना से ईरान-अमरीका में लागू नाजुक सीजफायर पर फिर दबाव बढ़ा दिया है। उधर इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच लेबनान में भी हमले बढ़ गए हैं, जिससे वहां लागू युद्धविराम भी खतरे में पड़ता दिख रहा है। हमले में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
होर्मुज पार कर भारत आया एलपीजी टैंकर
मार्शल आईलैंड्स के ध्वज वाला एलपीजी टैंकर होर्मुज स्ट्रेट पार कर रविवार को गुजरात के कंडला पोर्ट पर पहुंच गया। यह करीब 20000 टन एलपीजी लेकर आया है। मौजूदा निगरानी अभियानों के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने वाला यह 11वां एलपीजी टैंकर है।
जहाजों पर हमले अस्वीकार्यः भारत
भारत ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हो रहे हमलों को लेकर संयुक्त राष्ट्र में चिंता जताई है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि नागरिक जहाजों और चालक दल को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। इससे ऊर्जा आपूर्ति और सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है। अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन होना चाहिए।
