चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या

कोरबा। जिला के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरहामुड़ा में कथित आरोपी पति ने पत्नी कर हमला किया। गले पर वार करने के साथ-साथ उसके पेट पर भी धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रमाशंकर यादव (35 वर्ष) अपनी पत्नी पूर्णिमा यादव (32 वर्ष) के चरित्र पर लंबे समय से संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर उसने पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गले को रेतने के अलावा पेट में भी गहरे कट के निशान देखे गए। मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कथित आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या (धारा 103) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
