आरपीनगर दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर की स्थापना के 25 साल पूर्ण, कल गूंजेगा हनुमान चालीसा

कोरबा 15 मई । शहर के आरपी नगर फेस-1 दशहरा मैदान के पास स्थित प्रसिद्ध दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के लिए कल शनिवार 16 मई का दिन बेहद खास है। क्योंकि इस पावन मंदिर की स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। ढाई दशक पहले इसी तारीख को भक्ति और श्रद्धा के साथ बजरंगबली की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ मंदिर की स्थापना हुई थी। तब कामरूप कामाख्या गोवाहाटी-असम के ख्यातिप्राप्त पुरोहित स्व. मुक्ति नाथ झा, सीतामणी मंदिर के रामभक्त स्व. जगन्नाथ महाराज तथा छूरी के महाराज के सानिध्य में बनारस से आए 5 विद्वान पंडितों ने कमान संभाली थी। मंत्रोच्चार और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ लगातार 5 दिनों तक चले विशेष पूजा-अनुष्ठान के बाद दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर की स्थापना संपन्न हुई थी।

पिछले 25 वर्षों में यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए अटूट आस्था का केंद्र बन चुका है। कल सुबह से ही मंदिर में अभिषेक, सुंदरकांड पाठ और विशेष आरती का क्रम चलेगा। श्री नागेश्वर पूरी गोस्वामी व श्री आशुतोष पुरी गोस्वामी मंदिर में पूजा करेंगे। समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक उत्सव का हिस्सा बनें। हनुमान जी के दर्शन के लिए भारी संख्या में भक्तों के जुटने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं।

Spread the word