अमूल दूध हुआ महंगा, 14 मई से बढ़ेंगे नए दाम

नई दिल्ली : Amul ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने बुधवार को घोषणा करते हुए बताया कि दूध के दाम में 2 रुपए प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है। नई दरें गुरुवार 14 मई से लागू होंगी।

Gujarat Cooperative Milk Marketing Federation (GCMMF) के अनुसार, अमूल दूध के प्रमुख वेरिएंट और पैक पर कीमतें बढ़ाई गई हैं। कंपनी का कहना है कि यह बढ़ोतरी करीब 2.5% से 3.5% के बीच है। मई 2025 के बाद यह पहली बार है जब अमूल ने दूध की कीमतों में इजाफा किया है।

कंपनी के मुताबिक पशु आहार, पैकेजिंग, ईंधन और ट्रांसपोर्टेशन लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे उत्पादन खर्च बढ़ गया है। इसी वजह से दूध की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया।

डेयरी उद्योग पर बढ़ा लागत का दबाव

अमूल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में डेयरी सेक्टर पर इनपुट कॉस्ट का दबाव काफी बढ़ा है। पशु चारे की कीमतों में वृद्धि और परिवहन खर्च बढ़ने से डेयरी संचालन महंगा हो गया है।

तीन स्तर पर काम करता है अमूल मॉडल

अमूल का सहकारी मॉडल तीन स्तरों पर आधारित है—

  1. डेयरी को-ऑपरेटिव सोसाइटी
  2. डिस्ट्रिक्ट मिल्क यूनियन
  3. स्टेट मिल्क फेडरेशन

गांवों के दूध उत्पादक किसान डेयरी सोसाइटी के सदस्य होते हैं। यही सदस्य प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं, जो जिला दुग्ध संघ का संचालन संभालते हैं। जिला यूनियन दूध और दुग्ध उत्पादों की प्रोसेसिंग करती है, जबकि GCMMF इन उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का काम करता है।

लाखों लोगों को रोजगार

अमूल की सप्लाई चेन से सीधे और परोक्ष रूप से करीब 15 लाख लोगों को रोजगार मिलता है। सहकारी मॉडल और किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने की व्यवस्था के कारण अमूल का मॉडल देश-विदेश के बिजनेस स्कूलों में केस स्टडी के रूप में पढ़ाया जाता है।

Spread the word