गर्लफ्रेंड को वीडियो भेजकर युवक ने दी जान, कोरबा में सनसनी

कोरबा। जिले के CSEB चौकी क्षेत्र स्थित 15 ब्लॉक इलाके में 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनीष चंद्रा के रूप में हुई है, जो एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

परिजनों के मुताबिक, घटना के समय मनीष अपने कमरे में था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर बड़े भाई ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां मनीष फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले मनीष ने एक वीडियो बनाया था, जिसे उसने अपनी गर्लफ्रेंड को भेजा। मोबाइल की जांच में दोनों के बीच हुई चैटिंग भी सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि युवती लगातार मनीष पर मानसिक दबाव बना रही थी, जिससे वह लंबे समय से तनाव में था।

मृतक के भाई ने बताया कि मनीष युवती के लिए ऑनलाइन सामान भी खरीदता था और अक्सर देर रात तक उससे बातचीत करता रहता था। परिवार कई बार उसे समझाता रहा, लेकिन वह युवती से दूरी नहीं बना पा रहा था।

फिलहाल छत्तीसगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल डेटा, वीडियो और चैट के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

Spread the word