ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान को चीन ने दी थी तकनीकी मदद

नई दिल्ली. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को तकनीकी मदद देने के चीन के कबूलनामे पर मंगलवार को भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जो देश खुद को जिम्मेदार वैश्विक शक्ति बताते हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि आतंकवादी ढांचे को बचाने की कोशिशों का समर्थन करने से उनकी अंतरराष्ट्रीय छवि और प्रतिष्ठा पर क्या असर पड़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रयासों का समर्थन करने वाले देशों को इसके कूटनीतिक और वैश्विक असर पर विचार करना चाहिए। एक खबर में चीनी अधिकारी के हवाले से कहा गया था कि चीन ने पाकिस्तान को तकनीकी मदद दी थी। जायसवाल ने कहा कि ये रिपोर्ट उसी बात की पुष्टि करती हैं जिसकी ओर भारत पहले भी संकेत दे चुका है।
सीमा पर बाड़ लगाना सुरक्षा को प्राथमिकता
भारतीय विदेश मंत्रालय ने देश में अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर कहा है कि अब तक 2860 से अधिक ऐसे लोगों की पहचान कर बांग्लादेश से उनकी नागरिकता सत्यापित करने को कहा है। वहीं, सीमा पर बाड़ के मसले पर उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। यह हमारा नजरिया है।
