तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर जंगली सूअर ने किया हमला

कोरबा 09 मई। कटघोरा वन मंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत तुमान क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेंदूपत्ता तोडने जंगल गई एक महिला पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। घटना ग्राम पंचायत अमलडीहा के आश्रित मोहल्ला कचोरापरा की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला रोज की तरह सुबह जंगल में तेंदूपत्ता तोडने गई थी। इसी दौरान अचानक एक जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह महिला को बचाया और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तुमान पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तुमान डिप्टी रेंजर प्रतिमा ने घायल महिला और उसके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना तथा विभाग की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। साथ ही वन क्षेत्र में जाने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के जंगलों में जंगली सूअरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे तेंदूपत्ता संग्राहकों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और वन्यजीवों की निगरानी की मांग की है।
