प्रसव के बाद महिला की मौतः स्वास्थ्यकर्मियों पर लगा लापरवाही का आरोप, पुलिस विवेचना जारी

कोरबा 09 मई। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में प्रसव के बाद एक 26 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने सरकारी अस्पताल की महिला स्वास्थ्यकर्मी और मितानिन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रैकी निवासी अनिल पटेल की पत्नी संगीता पटेल गर्भवती थीं और गांव के सरकारी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार देर शाम प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें मितानिन गिरीश बाई के साथ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थी। परिजनों का आरोप है कि रात करीब 11.30 बजे प्रसव के बाद महिला स्वास्थ्यकर्मी और मितानिन जच्चा-बच्चा को अस्पताल में छोड़कर चले गए। उस समय अस्पताल में केवल परिवार के सदस्य ही मौजूद थे।
देर रात संगीता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें अत्यधिक दर्द व रक्तस्राव होने लगा। परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मी को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। पूरी रात परिवार मदद का इंतजार करता रहा। सुबह स्वास्थ्यकर्मी को बुलाकर लाया गया, जिसके बाद संगीता को हरदीबाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतका के पति अनिल पटेल का कहना है कि उनकी पत्नी पूरी तरह स्वस्थ थीं और यदि समय पर उचित इलाज मिलता, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्यपालिक दंडाधिकारी को भी अवगत कराया गया है। पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
