होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी और अमरीकी नौसेना के बीच हुई फायरिंग में भारतीय मालवाहक जहाज डूबा, एक नाविक की मौत

जामनगर। देवभूमि द्वारका जिले के सलाया का एक मालवाहक भारतीय जहाज होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी और अमरीकी नौसेना के बीच हुई फायरिंग की चपेट में आ गया। हादसे में जहाज डूब गया, जिसमें एक खलासी की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार सलाया का मालवाहक शिप 7 मई को दुबई से जनरल कार्गो लेकर यमन के मुकल्ला पोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जहाज पर टंडेल (चालक) सहित कुल 18 खलासी सवार थे। बताया गया कि रात करीब एक बजे जहाज जब होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था, तब ईरानी और अमरीकी नौसेना के बीच अचानक भारी फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान गुजरात का जहाज क्रॉस फायरिंग की चपेट में आ गया। जहाज को गंभीर नुकसान पहुंचा और उसमें तेजी से पानी भरने लगा। अफरा-तफरी के बीच इंजन रूम में ड्यूटी कर रहे सलाया निवासी नाविक अल्ताफ तलाब केर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जहाज डूबने के दौरान अन्य खलासियों ने मदद की गुहार लगाई। इसी बीच वहां से गुजर रहे एमएसवी प्रेम सागर-1 जहाज के कू ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी 17 खलासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जहाज से बचाए गए खलासी शुक्रवार शाम दुबई पोर्ट पहुंच गए। वहां उन्होंने हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है।
