कोरबा विशेषः संक्षिप्त समाचार

भोजन की तलाश में भालू घुस रहे गांव में, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा 07 मई। कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में जंगली जानवर दिन के समय भी ग्राम में घुस रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोरबी में एक भालू बाजार पारा में घुस आया। इससे ग्रामीण दहशत में आ गए। किसी तरह हिम्मत कर ग्रामीणों ने भालू को दौड़ाया तो झोरखी पारा होते हुए जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों ने बताया कि भालू भोजन की तलाश में ग्राम के आसपास पहुंच रहे हैं। सुबह होते ही लौट जाते हैं। लेकिन यह भालू सुबह 11 बजे ग्राम में घुस गया था। यह क्षेत्र हाथी प्रभावित है। अभी 46 हाथी जटगा रेंज में घूम रहे हैं।
……………
बेलटिकरी की नाली पहली ही बारिश में धराशायी, गुणवत्ता पर उठे सवाल

कोरबा 07 मई। कटघोरा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलटिकरी में हाल ही में कराया गया नाली निर्माण पहली ही बारिश में धराशायी हो गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, नाली निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी को पक्की सडक पर ही डाल दिया गया, जिसके कारण पूरी गली में कीचड़ फैल गया है। इससे पैदल चलना तो दूर, बाइक और कार तक फंस रही हैं और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।सबसे गंभीर बात यह है किरूनाली का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। पानी भरने से मच्छर और गंदगी बढ़ रही है। पहले से बनी नाली बेहतर स्थिति में थी, फिर भी नया निर्माण कराया गया।
ग्रामीणों ने पंचायत सचिव पर मनमानी के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और जनपद सीईओ से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यह भी जांच का विषय है कि इस नाली का डिजाइन और मूल्यांकन किस इंजीनियर द्वारा किया गया तथा इतनी खराब गुणवत्ता का कार्य कैसे पास हुआ। मांग है कि दोषियों पर कार्रवाई हो, नाली का पुनः निर्माण हो और सडक से मिट्टी हटाकर आवागमन सुचारु किया जाए।
………………
370 लोगों ने ली बीएमएस की सदस्यता

कोरबा 07 मई। भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ कुसमुंडा के रीति नीति से प्रभावित होकर इंटक यूनियन व अन्य संगठन से 370 सदस्य सम्मिलित हुए, जिसमें प्रमुख रूप से सोनू पटेल, धीरेन्द्र पटेल, सूर्यनारायण पाल व अन्य उपस्थित थे। संपूर्ण कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि सुजीत सिंह, हिरन चंद्रा, रंजय सिंह, टिकेश्वर राठौर उपस्थित थे। मंच संचालन अमिया मिश्रा के द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोजेक्ट व क्षेत्रीय कमेटी का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान सुजीत सिंह के द्वारा सैकड़ों मजदूरों को संबोधित करते हुए बीएमएस श्रम संघ में नए सदस्यों का स्वागत किया गया तथा संघ द्वारा दिनांक 15 मई से लोकल मुद्दे पर आधारित चरणबद्ध आंदोलन में कुसमुंडा के सभी कर्मचारियों को शामिल होने का आह्वान किया तथा केंद्रीय समिति का सहयोग उक्त आंदोलन में रहेगा ऐसा आश्वासन दिया गया।
………….
ट्रैफिक रूल्स का पालन, स्पोर्ट्स बाइक और बुलेट गाडियों में मॉडिफाई साइलेंसर की हुई जांच

कोरबा 07 मई। ट्रैफिक रूल्स के परिपालन को लेकर कोरबा क्षेत्र में ध्यान देने के साथ कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय टीम ने आज स्पोर्ट्स बाइक और बुलेट गाडियों में मॉडिफाई साइलेंसर की जांच पड़ताल भी कुछ मामलों में एक्शन लिया गया उन पर पेनल्टी काटी गई।
गाडियों के चालकों को बताया गया कि ट्रैफिक रूल्स में कई प्रकार के प्रावधान है और हर किसी को इसका पालन करना है। ऑटोमोबाइल कंपनियां जिस स्थिति में प्रोडक्ट की मैन्युफैक्चरिंग कर रही है उसमें अनावश्यक परिवर्तन आपको अपनी मर्जी से बिल्कुल नहीं करना है। यह भी नियम के खिलाफ है और ऐसे हर मामले में कार्रवाई होगी। पुलिस ने बताया कि ओवर स्पीडिंग से लेकर ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में भी डंडा चल रहा है और इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।
…………..
भूविस्थापितों ने अपनी मांगों को लेकर किया उग्र प्रदर्शन, 5 घंटे थमे मशीनों के पहिए

कोरबा 07 मई। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के कुसमुंडा क्षेत्र में भूविस्थापितों ने अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह आठ बजे से प्रदर्शनकारियों ने खदान में कोयला खनन और परिवहन कार्य में लगी मशीनों को रोक दिया पांच घंटे तक चले इस चक्काजाम और उग्र प्रदर्शन के बाद प्रबंधन द्वारा मांगों पर सकारात्मक पहल के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त किया गया।
भूविस्थापितों ने अपनी समस्याओं के स्थायी निराकरण के लिए प्रबंधन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख बिंदु रखेः अर्जन के बाद जन्म (नीति निर्धारण)ः- जमीन अधिग्रहण के बाद परिवार में जन्मे सदस्यों के लिए रोजगार और पुनर्वास की स्पष्ट नीति बनाई जाए ।. लंबित प्रकरणों का निपटाराः-वर्षों से लंबित पड़े पुराने मामलों की फाइलें धूल फांक रही हैं जिनका तत्काल निराकरण हो ।. अवैध कब्जे पर अंकुशः- बलरामपुर दुरपा और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे गैर-कानूनी कब्जों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ।. आउटसोर्सिंग में स्थानीय भागीदारीरू- खदान में संचालित आउटसोर्सिंग कार्यों में स्थानीय भूविस्थापितों को प्राथमिकता दी जाए ।
आंदोलन की उग्रता को देखते हुए कुसमुंडा प्रबंधन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने भूविस्थापितों की मांगों को जायज माना और निम्नलिखित आश्वासन दिए-. उच्च स्तरीय बैठक – पांच दिनों के भीतर (बिलासपुर) स्तर पर एक आवश्यक बैठक आहूत की जाएगी जिसमें विस्थापितों की नीतिगत समस्याओं का स्थायी निराकरण खोजा जाएगा । तत्काल रोजगार- कोयला और मिट्टी उत्खनन कार्य में लगी आउटसोर्सिंग कंपनियों में 15 भूविस्थापितों को स्थायी रूप से रोजगार देने की मांग पर प्रबंधन ने मुहर लगाई है एक सप्ताह के भीतर इन्हें काम पर रखने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जिनके नेतृत्व में यह आंदोलन हुआ गोमती केवट ने क्या कहा, यह हमारे हक की लड़ाई है प्रबंधन ने पांच दिनों के भीतर बैठक और 15 विस्थपितों को तत्काल रोजगार देने का भरोसा दिया है यदि समय सीमा के भीतर वादे पूरे नहीं हुए तो आंदोलन और भी उग्र होगा । प्रबंधन के ठोस आश्वासन और सकारात्मक रुख के बाद दोपहर एक बजे भूविस्थापितों ने खदान का कार्य सुचारू रूप से चलने दिया और धरना समाप्त किया ।
……………
बिजली की आंख मिचौली सेे उपभोक्ता परेशान

कोरबा 07 मई। कोरबा शहर सहित उपनगरीय क्षेत्र दर्री-जमनीपाली, बालको एवं कुसमुंडा में बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ता परेशान है। बिजली घर और ऊर्जाधानी के नाम से पहचान पाने वाला कोरबा इन दिनों ‘दिया तले अंधेरा’ वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है ।
उक्त कथन जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने प्रेस नोट जारी कर कहा है । श्री राठौर ने आगे कहा कि बिजली के आंख मिचौली से एसी, टी व्ही, पंखे, फ्रीज आदि इलेक्ट्रानिक समान खराब हो रहे हैं। लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। बढ़ती गर्मी और उमस से लोग हलाकान हो रहे हैं, वहीं कोरबा में बिजली बार-बार बंद चालु हो रही है। जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में 215 बार से भी अधिक बार विद्युत सप्लाई बंद किया गया । इस प्रकार से यह अघोषित विद्युत कटौती है। श्री राठौर ने बताया कि कांग्रेस शासन के कार्यकाल में वर्ष 2022-23 में जमनीपाली-दर्री, एम पी नगर, दादरखुर्द, खरमोरा और पावर हाउस मार्ग में चार सब स्टेशन का निर्माण हुआ था, जिससे बिजली की आंख मिचौली से राहत मिले सके, लेकिन जमनीपाली सब स्टेशन शुरू नहीं हो पाया है, जिसके कारण जमनीपाली क्षेत्र में लो वोल्टेज समस्या के साथ-साथ विद्युत सप्लाई बार-बार बंद किये जाने की शिकायतें मिल रही है।
जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि गर्मी के दिनों में यदा- कदा तथा बरसात के दिनों में तेज बारिश और आंधी तुफान से कहीं भी फाल्ट आता है, इसे खोजने में घंटों लगते हैं । सब स्टेशन के शुरू होने से इस समस्या से निजात पाया जा सकता है। श्री राठौर ने बताया कि कोरबा शहर सहित सभी उपनगरीय दर्री-जमनापाली, बालको, कुसमुण्डा क्षेत्र में लगे लगभग सभी ट्रांसफार्मर के पेनल बोर्ड जीर्ण शीर्ण स्थिति में हैं। सभी के दरवाजा (ढक्कन) गायब हैं, ग्रीप गायब हैं, खुले में तार लगाकर काम चला रहे हैं। प्रदेश में बिजली दरों में भारी बढ़ोत्तरी के बावजूद विद्युत उपभोक्ताओं को विद्युत सुविधाओं का सही लाभ नहीं मिल रहा है जिससे जनता में आक्रोश पनप रहा है। कभी भी उग्र प्रदर्शन करने मजबूर हो सकते हैं ।
……………
