सजग कोरबा अभियान: नियम विरुद्ध चलने वाले 119 भारी वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

कोरबा 5 मई : सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत भारी वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर 119 भारी वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की गई है।
समझाइश के बाद भी लापरवाही पड़ी भारी पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व में ही ट्रांसपोर्टरों और वाहन स्वामियों की बैठक लेकर उन्हें नियमों की जानकारी दी गई थी। इस बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि रात्रि में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों के पीछे रेडियम पट्टी लगाना अनिवार्य है। हालांकि, निर्देशों की अनदेखी करने वाले संचालकों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
दो अनुभागों में चला विशेष अभियान पुलिस की यह संयुक्त कार्यवाही मुख्य रूप से दर्री और कोरबा अनुभाग के औद्योगिक क्षेत्रों में की गई:
- दर्री अनुभाग: NTPC, कुसमुंडा, दीपका और बाकीमोगरा क्षेत्र में 47 वाहनों पर कार्यवाही हुई।
- कोरबा अनुभाग: बालको और उरगा क्षेत्र में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 104 के तहत 72 वाहनों के चालान काटे गए।
पुलिस की अपील कोरबा पुलिस ने सभी ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और अपने वाहनों में रेडियम पट्टी अनिवार्य रूप से लगवाएं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
