छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-तूफान और बारिश से गर्मी से राहत, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

कोरबा। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, गरियाबंद और कांकेर समेत कई जिलों में आंधी-तूफान, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में तीन दिनों से बदल रहा मौसम
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दोपहर बाद हो रही बारिश से लोगों को तेज धूप और उमस से राहत मिल रही है। मंगलवार को भी अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। इसका असर साप्ताहिक बाजार पर पड़ा, जहां दुकानदारों का सामान भीगने से नुकसान हुआ और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गरियाबंद में बेमौसम बारिश, तेंदूपत्ता को नुकसान की आशंका
गरियाबंद जिले में भी तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तेंदूपत्ता संग्रहण पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, इस बारिश से तेंदूपत्ता खराब हो सकता है, जिससे उनकी आमदनी प्रभावित होगी।
कांकेर के चारामा में जनजीवन अस्त-व्यस्त
कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में भी मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक रुख बदला। करीब एक घंटे तक चली तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे नुकसान की खबरें सामने आई हैं। साथ ही बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। साथ ही अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
