तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं पर जंगली सूअर ने बोला हमला, 5 घायल, एक की हालत नाजुक

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ की धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ के कोहलाकसा जंगल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं के समूह पर अचानक जंगली सूअर ने हमला कर दिया। इस हमले में 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, चिचोला, मूंगलानी और नारायणगढ़ गांव की करीब 10 महिलाएं एलबी नगर क्षेत्र के कोहलाकसा जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और महिलाएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं।

घायलों में कोलहाकसा गांव की फूलबाई साहू की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि उनके सीने और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। तेंदूपत्ता सीजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, ऐसे में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ठोस सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल वन विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Spread the word