प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म आरोपी के घर चला बुलडोजर

दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना बस्ती में 5 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के अवैध मकान पर आज प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर को पूरी तरह ढहा दिया।
शासकीय जमीन पर था अवैध कब्जा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और उसका परिवार ग्राम पुरैना में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहा था। नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेश की अनदेखी की गई।
नोटिस के बाद सख्त एक्शन
नोटिस की अवहेलना के बाद नगर निगम प्रशासन और पुरानी भिलाई थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान घर में रखा सामान भी जब्त किया गया।
यह है पूरा मामला
25 अप्रैल को 5 वर्षीय बच्ची सुबह घर से लापता हो गई थी। देर शाम बच्ची पुरैना स्थित एनएसपीएसीएल पावर प्लांट के पास झाड़ियों में मिली। आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर बांध दिए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
