September 10, 2026
News

बस्तर में बड़ा नक्सली हमला, IED ब्लास्ट में 4 जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ भीषण धमाका

कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शनिवार को नक्सलियों ने बड़ा हमला किया, जिसमें 4 जवान शहीद हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सुरक्षा बलों की टीम जंगल में सर्च ऑपरेशन पर निकली हुई थी।

जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरोसकोडा के जंगल में फोर्स नक्सलियों द्वारा बिछाई गई IED को डिफ्यूज कर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना में 3 जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल जवान परमानंद कोर्राम को गंभीर हालत में रायपुर एयरलिफ्ट किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया, जिससे शहीद जवानों की संख्या बढ़कर 4 हो गई।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों को सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का एक डंप भी मिला है। सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर पिछले कुछ महीनों से IED बरामदगी का अभियान चलाया जा रहा है और शनिवार का ऑपरेशन भी उसी का हिस्सा था।