ईरान बहुत जल्द ऐसा हथियार इस्तेमाल करेगा, जिससे दुश्मन बुरी तरह घबरा जाएगा: शहराम ईरानी

तेहरान/वाशिंगटन। होर्मुज स्ट्रेट की दोहरी नाकेबंदी और ठप पड़ी अमरीका-ईरान की वार्ता के बीच दोनों देशों के नेताओं में बयानबाजी और धमकी देने का दौर जारी है। गुरुवार को राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक एआई जेनेरेटेड फोटो पोस्ट करते हुए लिखा- ‘तूफान आ रहा है, कोई रोक नहीं सकेगा।’ इसके बाद ईरानी नौसेना के प्रमुख शहराम ईरानी ने कहा – ‘ईरान बहुत जल्द ऐसा हथियार इस्तेमाल करेगा, जिससे दुश्मन बुरी तरह घबरा जाएगा। यह हथियार दुश्मन के बेहद करीब मौजूद है… कहीं उन्हें दिल का दौरा न पड़ जाए!’ ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि ईरान फारस की खाड़ी व होर्मुज का रक्षक है। सुप्रीम लीडर मोजतबा खोमेनेई का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी परमाणु और मिसाइल क्षमताओं की रक्षा करेगा।

ट्रंप-पुतिन के बीच 90 मिनट बात

अमरीका और रूस के राष्ट्रपतियों ने बुधवार रात फोन पर ईरान व यूक्रेन युद्ध को लेकर डेढ़ घंटे तक बातचीत की। ट्रंप ने कहा कि रूस कुछ समय पहले तक समझौते के लिए तैयार था, पर कुछ लोगों ने उसके लिए यह मुश्किल बना दिया। पुतिन ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम में मदद करने की इच्छा जताई। जवाब में ट्रंप ने कहा कि वह ईरान को कभी परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे।

ट्रंप को दिया जाएगा तीन सूत्रीय प्लान

अमरीकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेना की सेंट्रल कमांड ट्रंप को तीन सूत्री प्लान पेश करेगी, जिसमें छोटे पर दमदार सैन्य ऑपरेशन की योजना के साथ होर्मुज के पास एक खास इलाके पर कब्जा व ईरानी यूरेनियम निकालना शामिल है। ट्रंप की सहमति से सेना इस पर आगे बढ़ सकती हैं। अमरीका पहली बार -हाइपरसोनिक मिसाइल डार्क ईगल को भी तैनात कर सकता है।

Spread the word