कुसमुंडा खदान में चलती डम्फर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

कोरबा 30 अपै्रल। एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना के गोदावरी फेंस क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई, जहां चलती 100 टन क्षमता वाली डम्फर में आग लग गई। हादसा रात करीब 11.30 बजे उस समय हुआ, जब डम्फर कोयला लेकर जा रही थी।

बताया जा रहा है कि डम्फर के इंजन में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। पीछे चल रहे दूसरे डम्फर के चालक ने तत्परता दिखाते हुए हॉर्न बजाकर आगे वाले चालक को सतर्क किया।

चेतावनी मिलते ही चालक ने तुरंत डम्फर को साइड में खड़ा किया और कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही क्षणों में पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

दमकल टीम के पहुंचने तक डम्फर का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।

Spread the word