बेटियों ने फिर रचा इतिहास, गत वर्ष की तुलान में हाई और हायर सेकेंडरी का प्रदर्शन रहा उत्कृष्ट

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

कोरबा, 29 अप्रैल 2026/ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा परिणाम (शैक्षणिक सत्र 2025-26) घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष घोषित परिणामों में जिले की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता साबित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्ष 2024-25 की तुलना में इस वर्ष का परीक्षा परिणाम उल्लेखनीय रूप से बेहतर रहा। पिछले वर्ष हाई स्कूल का परिणाम 74.49 प्रतिशत था, जो इस बार बढ़कर 77.58 प्रतिशत हो गया है। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी का परिणाम वर्ष 2024-25 में 80.31 प्रतिशत था, जबकि वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 83.48 प्रतिशत पर पहुँच गया।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चुनाव कर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे परीक्षाफल को लेकर चिंता में न पड़ें और किसी भी प्रकार का गलत कदम न उठाएँ। कलेक्टर ने उन्हें आने वाले समय के लिए आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने की सलाह भी दी।

हाई स्कूल यानी कक्षा दसवीं की बात करें तो इस वर्ष कुल 12,691 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 12,439 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 77.58 प्रतिशत रहा। इस परिणाम की सबसे खास बात यह रही कि बालिकाओं ने 82.02 प्रतिशत के साथ शानदार प्रदर्शन किया, जबकि बालकों का सफलता प्रतिशत 71.87 रहा। प्रथम श्रेणी में आने वाले कुल 5,351 विद्यार्थियों में से 3,487 बालिकाएँ हैं, जो बालकों की संख्या की तुलना में लगभग दोगुनी है।

इसी तरह हायर सेकेंडरी यानी कक्षा बारहवीं के परिणामों ने भी जिले को गौरवान्वित किया है। बारहवीं की परीक्षा में कुल 9,448 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे और कुल औसत परिणाम 83.48 प्रतिशत रहा, जो दसवीं की तुलना में लगभग छह प्रतिशत अधिक है। यहाँ भी बालिकाओं ने 87.13 प्रतिशत सफलता के साथ अपना वर्चस्व बनाए रखा, जबकि बालकों का सफलता प्रतिशत 77.87 रहा। इस परीक्षा में कुल 4,802 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जिनमें 3,351 बालिकाएँ शामिल हैं। यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत और शिक्षा के प्रति गंभीरता को दर्शाती है।

तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने अधिक गंभीरता और परिपक्वता के साथ परीक्षा दी है। इस प्रकार हाई और हायर सेकेंडरी दोनों ही परीक्षाओं में इस वर्ष का परीक्षा परिणाम जिले के लिए गौरव का विषय रहा और छात्र-छात्राओं के समर्पण तथा परिश्रम ने एक बार फिर कोरबा जिले का मान बढ़ाया है।

Spread the word