भारतमाला स्कैम रेड में बवाल: ED की टीम से धक्का- मुक्की, जमीन कारोबारी भाइयों पर FIR दर्ज

रायपुर। रायपुर के अभनपुर और धमतरी में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के भाइयों—सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी—के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान ED के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह और उनकी टीम के साथ आरोपियों ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और शासकीय कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए जानबूझकर विवाद खड़ा किया गया।
घटना के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच करीब 15 घंटे तक जांच अभियान जारी रहा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि ED की यह कार्रवाई रायपुर-विशाखापत्तनम भारतमाला परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण में मुआवजे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच के तहत की गई थी। 27 अप्रैल को ED ने अभनपुर, धमतरी, कुरुद सहित कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के दायरे में एक वरिष्ठ भाजपा विधायक के करीबी रिश्तेदार भी शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
