मोहिनी एकादशीः पदयात्रा कर श्याम मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

कोरबा 27 अपै्रल। वैशाख शुक्ल पक्ष की पावन मोहिनी एकादशी पर कोरबा में श्रद्धा और भक्ति दिखी। जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के ध्वज (निशान) के साथ पदयात्रा करते हुए मिशन रोड स्थित श्याम मंदिर पहुंचे।
ब्रह्म मुहूर्त से ही भक्तों की यात्रा प्रारंभ हो गई थी, जो पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ आगे बढ़ती रही। पदयात्रा के दौरान मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कहीं शीतल जल, तो कहीं फल एवं प्रसाद वितरण कर यात्रियों की सेवा की गई, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया। श्याम मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्याम बाबा का दर्शन किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। भजन-कीर्तन और जयकारों ने वातावरण को खास बनाया। पिछले कुछ समय से कोरबा के इस श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। विशेष रूप से एकादशी के अवसर पर यहां दूर-दराज से भी भक्त निशान लेकर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि किसी कारणवश वे राजस्थान स्थित खाटू श्याम धाम नहीं जा पाते, तो कोरबा के इस मंदिर में दर्शन कर उन्हें वही आध्यात्मिक शांति और सुख की अनुभूति होती है।
