खेत में पेड़ से लटकी मिली महिला और युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला और युवक का शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना बलोद थाना क्षेत्र की है, जहां रविवार सुबह खेत से गुजर रहे ग्रामीणों ने दोनों शवों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान संतोषी यादव (40) और थलेश खरांशु (25) के रूप में हुई है। दोनों अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के गबदी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला शादीशुदा थी और उसका 19 वर्षीय बेटा भी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों एक ही गांव में रहते थे और उनके बीच किसी प्रकार के संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले में स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
