कटघोरा के जटगा में गाली-गलौज, मारपीट व धमकी के आरोपी राकेश दुबे गिरफ्तार, देशी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद

कोरबा। “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी राकेश दुबे को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है, जिसके आधार पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त कार्यवाही की गई है। त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना/चौकी स्तर पर सतत कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र जटगा, थाना कटघोरा क्षेत्रांतर्गत आरोपी राकेश दुबे के विरुद्ध गंभीर अपराध दर्ज कर त्वरित कार्यवाही की गई। प्रार्थिया द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।

जांच के दौरान आरोपी राकेश दुबे को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस बरामद किया गया। उक्त बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत भी वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस ने आरोपी राकेश दुबे को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

कोरबा पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से स्पष्ट है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते उचित वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

Spread the word