हैदराबाद में 30 टन मिलावटी चाय पत्ती जब्त, 10 आरोपी गिरफ्तार

हैदराबाद। हैदराबाद फूड एडाल्टरेशन सर्विलांस टीम (एच-फास्ट) ने हैदराबाद में शुक्रवार को 15 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 30 टन (3000 किलोग्राम) मिलावटी चाय पत्ती जब्त की है। इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एच-फास्ट के प्रभारी डीसीपी गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने बताया कि शहर में बड़े पैमाने पर चाय पत्ती में मिलावट की सूचना मिली थी। इन ठिकानों पर छापेमारी के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों द्वारा असम व अन्य राज्यों से लायी गई एक्सपायर्ड चाय पत्ती. सिंथेटिक फूड कलर, गुड़ के घोल व लकड़ी के बुरादे से नकली चाय पत्ती तैयार की जा रही है। इसे अलग-अलग ब्रांड नामों से पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। छापेमारी के दौरान 30 टन मिलावटी चाय पत्ती, 1500 किलो एक्सपायर्ड चाय पत्ती, आर्टिफीशियल रंग व 100 किलो गुड़ जब्त किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि मिलावटी चाय से पेट संबंधी समस्याएं, एलर्जी व अन्य बीमारियां हो सकती है।

ऐसे करें नकली चाय की पहचान

* चाय पत्ती ठंडे पानी में डालते ही तुरंत रंगे छोड़ने लगे, तो वह मिलावटी हो सकती है। असली चाय गर्म पानी में धीरे-धीरे रंग छोड़ती है।

* चाय की पत्तियों को 2 उंगलियों के बीच रगड़ें। अगर हाथ पर रंग लग जाए, तो मिलावटी हो सकती है।

* गीले सफेद कागज पर चाय की पत्ती रखकर दबाएं। कागज पर गहरा रंग छूट जाए, तो इसमें रंग मिलाया गया हो सकता है।

* असली चाय की खुशबू प्राकृतिक व हल्की होती है, जबकि नकली चाय में तेज या अजीब गंध आती है।

Spread the word