वन मंडल कटघोरा द्वारा सीसीटीवी कैमरे से होगी गजराजों की निगरानी

कोरबा 23 अपै्रल। राष्ट्रीय राजमार्ग कटघोरा-अंबिकापुर में हाथियों का झुंड पहुंच जाता है। इसकी वजह से कई बार आवाजाही प्रभावित होती है। यही नहीं, अचानक राजमार्ग पर हाथियों के आने से लोग भी सतर्क नहीं हो पाते। वन अमले को भी इससे परेशानी होती है। इसी वजह से ग्राम कापा नवापारा, रोदे में कैमरे लगाए जाएंगे। पसान रेंज के मुख्य मार्ग पर भी कैमरे लगेंगे।
वन मंडल कटघोरा ने प्रमुख मार्गों पर हाथियों की निगरानी के लिए कैमरे लगाने की योजना बनाई है। अंबिकापुर राजमार्ग के साथ ही पसान रेंज के लिए जगह चिन्हित की गई है। इससे लोगों को सतर्क करने में मदद मिलेगी। जिससे हाथियों की मूवमेंट की जानकारी पहले से मिल जाएगी। इसके बाद लोगों को पहले से ही सतर्क कर दिया जाएगा। मूवमेंट के आधार पर वन अमला भी सतर्क रहेगा।
जानकारी के अनुसार वन मंडल में अभी 48 हाथी घूम रहे हैं, जो कभी केंदई रेंज पहुंच जाता है तो कभी पसान, जटगा व एतमानगर में।हाथियों की निगरानी को लेकर वन अमला हमेशा परेशान रहता है। इसके लिए मैदानी अमले को देर रात जंगल में रहकर हाथियों के पीछे घूमना पड़ता है इससे विभाग का अन्य कामकाज प्रभावित होता है। प्रस्तावित सीसीटीवी कैमरे को ऊंचे टॉवर पर लगाया जाएगा जो दिन व रात में 5 किलोमीटर रेंज को कव्हर करेगा और हाथियों के आने पर इसकी हर गतिविधियों को कैद करेगा। जिसका वन विभाग के अफसर दफ्तर में ही बैठकर पता लगा सकेंगे और ग्रामीणों को सूचित कर सकेंगे।
