कलयुगी बेटे ने मां की ली जान, वारदात के बाद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

बलौदाबाजार। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मगरवाय गांव का है।

लकड़ी के पटिया से किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बेबी बाई वर्मा (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बेटा धनेश्वर प्रसाद वर्मा (42 वर्ष) है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने लकड़ी के पटिया से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खुद थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे पुलिस थाना पहुंचा और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एफएसएल टीम पहुंची, जुटाए जा रहे साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घर के अंदर महिला का शव गंभीर हालत में मिला, जिसके सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जांच जारी, कारणों की पड़ताल
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जा रहा है।

Spread the word