जम्मू-उधमपुर में भीषण बस हादसा: 100 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 16 की मौत, 20 से ज्यादा घायल

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामनगर से आ रही एक यात्री बस जालो इलाके के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को इलाज के लिए GMC उधमपुर में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू कर दिया गया था और सभी घायलों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, स्थानीय लोगों ने भी संभाली कमान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षाबल और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और घायलों को खाई से निकालने में मदद की।
बस के परखच्चे उड़े, सड़क पर बिखरे शव
बताया जा रहा है कि बस के खाई में गिरते ही वह कई बार पलटी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस से बाहर जा गिरे, जबकि कुछ शव सड़क पर बिखरे मिले। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
तेज रफ्तार और टायर फटने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में चल रही थी और ओवरलोड भी थी। इसी दौरान अचानक टायर फट गया, जिससे ड्राइवर बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस गहरी खाई में जा गिरी।
फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है, वहीं हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
