वेदांता प्लांट हादसा: सांसद ज्योत्सना महंत ने उठाए सवाल, उच्च स्तरीय जांच की मांग

सक्ती। सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर सियासत तेज हो गई है। कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने इसे सुरक्षा नियमों की अनदेखी का नतीजा बताते हुए कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सांसद ने कहा कि इससे पहले भी कोरबा स्थित वेदांता प्लांट में चिमनी निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो चुका है, जिसमें कई मजदूरों की जान गई थी। बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।

उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने, जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी और घायलों के बेहतर इलाज की जिम्मेदारी कंपनी पर डालने की बात कही।

गौरतलब है कि 14 अप्रैल को हुए बॉयलर ब्लास्ट में अब तक 17 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 लोग झुलसे हैं। कई घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों ने प्लांट के बाहर प्रदर्शन कर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

Spread the word