तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी गंभीर

गरियाबंद। सुरसाबांधा-कोपरा मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, तर्रा निवासी लोमश पटेल अपनी पत्नी बुधियारिन पटेल के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुरसाबांधा के पास कार क्रमांक CG-05/B/4902 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लोमश पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
