कोसगई मंदिर के नीचे होटल में लगी आग, कार व दुकानें जलकर राख

कोरबा 15 अपै्रल। छुरी क्षेत्र में पहाड़ ऊपर स्थित प्रसिद्ध कोसगई माता मंदिर के नीचे सडक किनारे स्थित एक होटल में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और फैलकर दुकान के सामने ही सडक किनारे खड़ी एक कार और आसपास की दुकानों को चपेट में ले लिया। जिससे वह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार को शाम करीब 4 बजे हुई, जब मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा था। उक्त कार से कुसमुंडा निवासी शुभम साहू माता के दर्शन करने आया था। बताया जा रहा हैं की जब मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ थी। तभी अचानक होटल से उठी आग की लपटों ने वहा अफरा-तफरी मचा दी। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आग ने पास खड़ी एक कार को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे कार कुछ ही देर में जलकर पूरी तरह खाक हो गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के साथ-साथ आसपास की कई छोटी दुकानें भी जलकर राख हो गईं, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के दौरान मौके पर उपस्थित लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, कार में सवार श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित उनके निवास स्थान तक पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक आग अपना तांडव दिखा चुकी थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की ओर इशारा कर रही है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि जंगल में लगी दावानल आगे बढकर यहां तक पहुंच गई थी और उससे निकली चिंगारी से होटल में भी आग लग गई। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
