कुदमुरा रेंज में फिर पहुंचा हाथियों का दल

कोरबा 11 अपै्रल। वनमंडल कोरबा अंतर्गत कुदमुरा रेंज में 9 हाथियों के दल ने एक बार फिर दस्तक दे दिया है। बीती रात पड़ोसी बोरो रेंज से अचानक पहुंचे दल में शावक भी शामिल है। हाथियों ने आधी रात को कोरबा वनमंडल की सीमा में प्रवेश किया और सुबह होने से पहले कुदमुरा रेंज के कलमीटिकरा जंगल पहुंचकर वहां के कंपार्टमेंट 1108 में डेरा डाल दिया। हाथियों ने यहां पहुंचने से पहले रास्ते में कई किसानों की धान की रबी फसल को रौंद डाला है। बड़ी संख्या में हाथियों के रेंज में आने की सूचना मिलते ही वन विभाग सतर्क हो गया है।

कलमीटिकरा व आसपास के गावों में मुनादी करा दी गई है और ग्रामीणों को जंगल न जाने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा अमला हाथियों की निगरानी में भी जुट गया है। ज्ञात रहे हाथियों का यह दल काफी दिनों तक कोरबा वनमंडल के पसरखेत, कुदमुरा व कोरबा रेंज में डेरा डालने के बाद कुछ दिनों पूर्व वापस लौटा था। वहां लगभग एक सप्ताह तक विचरण करने के बाद पुनरू क्षेत्र में आ गया है। हाथियों के आने से ग्रामीणों को खतरा बढ़ गया है क्योंकि ग्रामीण बड़ी संख्या में वनोपज संग्रहण के लिए जंगल का रूख कर रहे हैं।

Spread the word