बालको बाउंड्रीवाल विवाद मामलाः निगम ने दी 3 दिन की चेतावनी

शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, पहले भी जारी किए गए थे नोटिस

कोरबा 11 अपै्रल। कोरबा में भारत एल्युमिनियम कंपनी (बालको) द्वारा बनाए जा रहे बाउंड्रीवाल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नगर पालिक निगम कोरबा ने सख्त रुख अपनाते हुए बालको को 3 दिनों के भीतर अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया है। निगम का कहना है कि यह निर्माण शासकीय भूमि पर बिना अनुमति के किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

बताया जा रहा है कि करीब 3 किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा था, जिससे दोन्द्रो बेला और आसपास के गांवों के लोगों को दैनिक कार्यों में दिक्कतें आने लगीं। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध भी दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह विवाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तक पहुंच गया। हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद निगम ने अंतिम नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में बाउंड्रीवाल नहीं हटाया गया, तो निगम स्वयं इसे तोड़ेगा और खर्च संबंधित पक्ष से वसूला जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार, अब इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

Spread the word