मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, दर्जनभर घायल

बीजापुर, 09 अप्रैल 2026। जिले के भोपालपटनम से लगे महाराष्ट्र के सोमनपल्ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। काम की तलाश में पलायन कर रहे मजदूरों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे करीब एक दर्जन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, भोपालपटनम इलाके से मजदूर रोजगार की तलाश में पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोमनपल्ली के पास वाहन चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल भोपालपटनम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए बीजापुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
भोपालपटनम थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि यह हादसा महाराष्ट्र के आसरली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमनपल्ली के पास हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
