दीक्षांत समारोह में लक्ष्मी राव को मिला गोल्ड मेडल

कोरबा 09 अपै्रल। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के 39वें दीक्षांत समारोह का आयोजन पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। समारोह का इग्नू मुख्यालय दिल्ली से सुबह 10.30 बजे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ किया गया। उपराष्ट्रपति ने समारोह में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को वर्चुअल रूप से संबोधित किया।
कोरबा जिले की के.लक्ष्मी राव को मास्टर ऑफ ज्योतिष के लिए गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त मेडल पं. रविशंकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. सच्चिदानंद शुक्ल एवं इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. गौड़ा राजेन्द्र के हाथों प्रदान किया गया। समारोह में विभिन्न विषयों की पढ़ाई करने वाले प्रदेशभर के कुल 1152 छात्र-छात्रओं को उपाधि प्रदान की गई। स्वामी आत्मानंद हिन्दी उत्कृष्ट विद्यालय एनसीडीसी कोरबा में लक्ष्मी राव संस्कृत विषय की व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं। लक्ष्मी के पति के. लक्ष्मण राव सेंट्रल वर्कशॉप एसईसीएल कोरबा में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है।
