वनरक्षक को अज्ञात वाहन ने मारी ठोकर, मौके पर मौत

कोरबा 09 अपै्रल। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र एतमानगर के गुरसिया बिट में पदस्थ वनरक्षक की बीती रात सडक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही गुरसिया क्षेत्र व वन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार वनरक्षक अमरनाथ पटेल उम्र लगभग 30 वर्ष अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर गए हुए थे। बीती रात लगभग 12 बजे कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह अपनी बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे, तभी महामाया की नगरी रतनपुर के निकट तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दिया। इस दुर्घटना में वनरक्षक पटेल की तत्काल मौत हो गई। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना रतनपुर पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामे की कार्यवाही की और मर्ग कायम करने के बाद शव को विच्छेदन के लिए अस्पताल भिजवाया।
मृतक के जेब में मिले परिचय पत्र से उनकी पहचान वनरक्षक अमरनाथ पटेल के रूप में की गई और परिजनों को सूचित किया गया, जिस पर परिजन तत्काल रतनपुर पहुंचे और शव को ले जाकर गृहग्राम में अंतिम संस्कार करवाए। इधर वनरक्षक के सडक हादसे में मौत की सूचना जैसे ही गुरसिया व वन विभाग में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि वनरक्षक पटेल के दो मासूम बच्चे हैं। उनकी मौत से इन बच्चों के उपर से पिता का साया छीन गया है।
