कुसमुंडा क्षेत्र से दो युवतियां लापता

कोरबा 05 अप्रैल। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमली छापर से दो युवतियों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 16/26 और 17/26 दर्ज कर युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी श्रीमती सोनी देवी सोनी (उम्र 45 वर्ष), पति छोटेलाल सोनी, निवासी इमली छापर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी दो बेटियां घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं।
दोनों युवतियों दुर्गा कुमारी-उम्र लगभग 20 वर्ष और गायत्री कुमारी-उम्र लगभग 22 वर्ष का पता नहीं चलने पर परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब युवतियों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने कुसमुंडा थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने 23 मार्च 2026 को दोपहर 1.00 बजे आधिकारिक रूप से गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसमुंडा पुलिस ने जांच तेज कर दी है। उपनिरीक्षक राकेश गुप्ता द्वारा मामले की रिपोर्ट तैयार की गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से युवतियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद अब तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग पाया है परिजनों के मुताबिक इसे पुलिस की नाकामी बताई जा रही है।
