कोरबी में धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती, भक्ति में डूबा पूरा गांव

कोरबा 03 मार्च। चोटिया गुरुवार को हनुमान जयंती का पावन पर्व ग्राम पंचायत रोदे (कोरबी) के समीप स्थित ऐतिहासिक आमापानी हनुमान मंदिर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर हो गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया था। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न की गई। मंदिर परिसर में स्थित श्री हनुमान मंदिर, शनि देव महाराज मंदिर एवं जामवंत गुफा में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर दिनभर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कीर्तन मंडलियों ने भक्ति गीतों और भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों की मधुर ध्वनि से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।दोपहर के समय हनुमान जी की भव्य आरती के बाद विशाल भोग-भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समाजसे वी युवाओं द्वारा लड्डू, खिचड़ी एवं अन्य प्रसाद का वितरण किया गया। साथ ही गर्मी को देखते हुए राहगीरों, यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई, जो सराहनीय पहल रही। इसके अलावा, कोरबी (रोदे) क्षेत्र के नवयुवकों ने ग्रामवासियों के सहयोग से दोपहर 3.00 बजे से देर शाम तक संगीतमय हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड पाठ का विशेष आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।गांव के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित हनुमान मंदिरों में भी पूजा-अर्चना कर भोग-भंडारे का आयोजन किया गया।

Spread the word