रायपुर प्रेस क्लब की महिला पत्रकारों का कोरबा भ्रमण : सतरेंगा की खूबसूरती ने मोहा मन, संवाद और अनुभवों से समृद्ध हुआ दौरा

रिपोर्ट:- विनीता हलदार
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब की सराहनीय पहल के तहत 28 मार्च को राजधानी की महिला पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय कोरबा जिले के भ्रमण पर रवाना हुआ। इस यात्रा का उद्देश्य महिला पत्रकारों को व्यस्त दिनचर्या से राहत देते हुए प्रकृति के बीच सुकूनभरा और प्रेरणादायक समय प्रदान करना था।
इस दौरे का नेतृत्व संयुक्त सचिव निवेदिता साहू ने किया। कोरबा पहुंचने पर जश्न रिसोर्ट में टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सर्वमंगला देवी मंदिर में दर्शन
भ्रमण के पहले दिन टीम ने सर्वमंगला मंदिर में पूजा-अर्चना की। हसदेव नदी के तट पर स्थित यह मंदिर ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इसका निर्माण रानी धनराज कुंवर के पूर्वजों द्वारा कराया गया था।
कोरबा प्रेस क्लब में संवाद
शाम को कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम में रायपुर और कोरबा के पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारिता के अनुभव, चुनौतियों और बदलते परिदृश्य पर सार्थक चर्चा हुई।
पत्रकारों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं, बल्कि नई सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण को भी बढ़ावा देते हैं।

सतरेंगा की प्राकृतिक सुंदरता ने किया आकर्षित
दूसरे दिन टीम ने सतरेंगा पर्यटन स्थल का भ्रमण किया। हरियाली, शांत जलाशय और पर्वतीय परिवेश से घिरा सतरेंगा सभी को बेहद आकर्षक लगा।
महिला पत्रकारों ने कहा कि यहां का दृश्य किसी समुद्र जैसा प्रतीत होता है—चारों ओर हरियाली और पहाड़ों का अद्भुत संगम मन को मोह लेता है।
अनुभवों का आदान-प्रदान और नई ऊर्जा
इस यात्रा के दौरान महिला पत्रकारों ने अपने पेशे से जुड़े अनुभवों और चुनौतियों को साझा किया। यह दौरा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सीखने, समझने और आपसी सहयोग को मजबूत करने का माध्यम बना।
मंत्री लखन लाल देवांगन महिला पत्रकारों से आत्मीय मुलाकात
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री लखन लाल देवांगन ने महिला पत्रकारों से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने महिला पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समाज को जागरूक करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है।
यह दो दिवसीय भ्रमण न केवल यादगार रहा, बल्कि सभी प्रतिभागियों को नई ऊर्जा, ताजगी और प्रेरणा देने वाला साबित हुआ।
