कोयला निकालने चढ़ा मजदूर हाईटेंशन लाइन झुलसा, हालत नाजुक

कोरबा 30 मार्च। कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी के पास स्थित एक निजी पावर प्लांट के समीप दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां गैस की कमी से जूझ रहे एक मजदूर ने खाना बनाने के लिए कोयला निकालने का जोखिम उठाया, जो उसके लिए जानलेवा साबित हुआ।
जानकारी के अनुसार, पावर प्लांट के आसपास बाहरी राज्यों से आए मजदूर अस्थायी रूप से रहकर काम करते हैं, जहां उन्हें अक्सर रसोई गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि गैस खत्म होने के कारण खाना बनाने में दिक्कत हो रही थी। इसी बीच एक मजदूर चलती कोयला मालगाड़ी पर चढ़ गया और कोयला निकालने लगा। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल मजदूर को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज, कोरबा रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार मजदूर करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल मजदूर की पहचान ओमप्रकाश (उम्र लगभग 28-30 वर्ष) के रूप में की जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
