September 10, 2026
News

सत्संग विहार मंदिर का हुआ भव्य उद्घाटन, श्रद्धा और आस्था का उमड़ा संगम

कोरबा 30 मार्च। कोरबा में आध्यात्मिक आस्था और उल्लास के बीच सत्संग विहार मंदिर का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर देवघर से पधारे पूज्य सिपाही दा ने प्रातः 9.10 बजे विधिवत रूप से मंदिर के पट खोलकर शुभारंभ किया।

उद्घाटन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में 108 “वंदे पुरुषोत्तम” का उच्चारण कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साथ ही परम पूज्य श्री श्री ठाकुर अनुकुलचंद्र जी के तैलचित्र का विधिवत अनावरण किया गया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। इसके बाद कार्यक्रम का आयोजन सीतामणी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में हुआ, जहां भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना के जरिए श्रद्धालुओं ने भक्ति का रसपान किया।

मधुर भजनों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। क्षेत्रभर से पहुंचे श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।