करोड़ों की ठगी करने वाला चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर राजीव गुप्ता गिरफ्तार, विदेश जाने की तैयारी फ्लाप

कोरबा 24 मार्च। आपने सुना होगा कि भगवान के घर देर है अंधेर नहीं । चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर राजीव गुप्ता के साथ ऐसा ही हुआ जब उसके द्वारा कोरबा जिले के लोगों से करोड़ों की ठगी की गई और मौज करने के लिए विदेश भाग रहा था। उसे पुलिस ने दबोच लिया। कोरबा पुलिस ने उसे दिल्ली से यहां ले आया है और अगली कार्रवाई की जा रही है।

कोरबा के एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट से आरोपी राजीव गुप्ता को ठगी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया । कोरबा जिले में एक चिटफंड कंपनी के द्वारा लोगों को कई प्रकार के सपने दिखाए और रुपया जमा कराए गए। फिर योजनाबद्ध तरीके से ठगी की गई । कई लोगों ने इस कारनामे को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी जिस पर प्रकरण दर्ज किया गया और जांच पड़ताल शुरू की गई। दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले स्थानीय लोगों ने वर्ष 2016 में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक चिट फंड कंपनी द्वारा करोड़ों रुपए की ठगी की गई।

पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर लगभग 5 करोड़ 60 लख रुपए की ठगी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। प्रकरण में चिट फंड कंपनी के डायरेक्टर अतुल सिंह का पार्टनर ग्वालियर निवासी राजीव गुप्ता पिता लच्छी राम गुप्ता के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। राजीव गुप्ता लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ जिला पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया था।

बताया जाता है कि राजीव गुप्ता विगत दिनों दिल्ली एयरपोर्ट से मलेशिया भागने के फिराक में लगा हुआ था, जैसे ही वह एयरपोर्ट पहुंचा स्थानीय पुलिस ने उसे धरदबोचा। इसकी सूचना कोरबा पुलिस को दी गई। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित कर दिल्ली भेजी गई। बताया कि स्थानीय पुलिस ने दिल्ली से आरोपी राजीव गुप्ता को गिरफ्तार कर कोरबा लाया है। प्रकरण में पूछताछ के साथ संबंधित कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word