नगर पालिका दीपकाः विकास कार्यों पर भ्रष्टाचार और घटिया गुणवत्ता के लगे गंभीर आरोप

जनप्रतिनिधियों के साथ युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा
कोरबा 22 मार्च। नगर पालिका परिषद दीपका में विकास कार्यों के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई के बंदरबांट का एक बड़ा मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिषद द्वारा शहर में स्ट्रीट लाइट खंभा पोल और केवल वार के लिए जारी 84 लाख रुपये के टेंडर के तहत हो रहे कार्यों पर भ्रष्टाचार और घटिया गुणवत्ता के गंभीर आरोप लग रहे हैं। इस मामले में अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ युवा कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है ।
गुणवत्ता से खिलवाड़ और थर्ड ग्रेड सामग्री का उपयोग
शिकायत के अनुसार दीपका नगर पालिका क्षेत्र में जो खंभे (पोल) और केवल वार का काम किया जा रहा है, वह बेहद निम्न स्तर का है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि 84 लाख जैसी बड़ी राशि आवंटित होने के बावजूद थर्ड ग्रेड की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जो न केवल सरकारी धन की बर्बादी है बल्कि भविष्य में बड़ी दुर्घटनाओं को भी निमंत्रण दे सकता है ।
पार्षद ने मुख्य सचिव से की शिकायत
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि दीपका क्षेत्र के आम जनमानस के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है और टेंडर नियमों को ताक पर रखकर भारी भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा है ।
युवा कांग्रेस की आर-पार की चेतावनी
मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। युवा कांग्रेस प्रदेश कमेटी के प्रदेश सचिव तनवीर अहमद ने प्रशासन और सरकार से इस कार्य की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि यह किसी व्यक्ति विशेष का मामला नहीं है, बल्कि पूरे दीपका की जनता के हक की बात है 84 लाख रुपये की राशि छोटी नहीं होती और यदि इस राशि का उपयोग घटिया पोल और केवल वार के लिए किया जा रहा है, तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। अगर प्रशासन ने दोषियों पर कड़ी कार्यवाही नहीं की तो हम चुप नहीं बैठेंगे और पूरी नगर पालिका परिषद का घेराव करेंगे ।
