वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, बच्ची की मौत, दस लोग घायल

कोरबा 21 मार्च। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बांकी मोगरा थाना क्षेत्र में नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रहा एक चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कसरेंगा से दादर खुर्द (कोरबा) गवन (दुल्हन) लेकर लौट रहा वाहन क्रमांक सीजी 11 बीजे 9084 दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।
वाहन में करीब एक दर्जन लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोगरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एसईसीएल अस्पताल, बांकी मोगरा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची। दर्री सीएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सोनपुरी गांव का बताया जा रहा है, जिसे किराए पर लिया गया था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
