पति पर बार बार पत्नी बदलने का आरोपः चौथी शादी की तैयारी, महिला आयोग पहुंची पीड़िता

कोरबा 17 मार्च। कोरबा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर हर पांच साल में पत्नी बदलने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति अब चौथी शादी की तैयारी कर रहा है, जबकि दोनों के बीच अभी तक कानूनी रूप से तलाक भी नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता (परिवर्तित नाम श्वेता) ने छत्तीसगढ़ महिला आयोग की जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने पहले भी तीन शादियां की हैं और हर बार कुछ वर्षों के बाद पत्नी से दूरी बनाकर दूसरी शादी कर ली। अब एक बार फिर वह दूसरी महिला से विवाह करने की तैयारी में है।
पीड़िता का कहना है कि उनका वैवाहिक विवाद अभी न्यायालय में लंबित है और विवाह विच्छेद की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इसके बावजूद पति द्वारा दूसरी शादी की कोशिश करना न केवल उसके साथ धोखा है, बल्कि यह कानून का उल्लंघन भी है।
महिला ने यह भी बताया कि पति का व्यवहार अब पूरी तरह बदल चुका है और वह बिना किसी डर के दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है। इस स्थिति के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रही है और सामाजिक रूप से भी उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ महिला आयोग ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि बिना तलाक के दूसरी शादी करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
