दीपका कालोनी के जर्जर सड़कों को जरूर है डामरीकरण कीः पार्षद हिमांशु

कोरबा-गेवरा-दीपका 15 मार्च। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड पार्षद हिमांशु देवांगन ने एसईसीएल गेवरा प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी के अंदर जर्जर हो चुकी सडकों और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसईसीएल द्वारा सडक डामरीकरण का कार्य केवल मुख्य मार्गों तक सीमित रखा गया है।
पार्षद ने बताया कि गेवरा स्टेडियम से आजाद चौक होते हुए काली मंदिर तक मुख्य मार्ग में ही डामरीकरण किया जा रहा है, जबकि कॉलोनी परिसर के अंदर स्थित एमडी, एमक्यू, बी-टाइप और एनसीएच क्वार्टरों के बीच की सडकों की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। इन सडकों के गड्ढों और जर्जर हालत के कारण कॉलोनीवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार लिखित व मौखिक रूप से महाप्रबंधक को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। इसके साथ ही गेवरा कॉलोनी की मुख्य और उप नालियां भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे जल निकासी की समस्या बनी हुई है।
पार्षद हिमांशु देवांगन ने मुख्य महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि मुख्य सडक निर्माण के साथ-साथ कॉलोनियों के अंदर की सडकों का भी डामरीकरण कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत जल्द कराई जाए, ताकि कॉलोनी में रहने वाले कर्मियों और उनके परिवारों को सुगम आवागमन और बेहतर स्वच्छता की सुविधा मिल सके।
