छत्तीसगढ़ में ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026’ शुरू, 29 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

रायपुर। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के उन लाखों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने का प्रयास किया गया है, जो लंबे समय से बकाया बिजली बिल के बोझ से परेशान थे।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 29 लाख उपभोक्ता सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। अधिकारियों के अनुसार यह योजना विशेष रूप से उन परिवारों के लिए बनाई गई है, जो कोरोना काल के दौरान आर्थिक तंगी के कारण अपने बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाए थे।
योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल की मूल राशि और ब्याज पर 75 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं पर अधिक बकाया है, वे राशि को आसान किस्तों में जमा कर सकेंगे।
बिजली विभाग ने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए 29 जून 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इच्छुक उपभोक्ताओं को इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कोरोना के बाद कई परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी, जिससे बिजली बिल का बकाया बढ़ गया। यह योजना वन-टाइम सेटलमेंट की तरह काम करेगी और गरीब तथा मध्यमवर्गीय परिवारों पर बकाया बिल का बोझ कम करने में मदद करेगी।
