मेंगलुरु में कोरबा के 5 मजदूर लापता, एक का शव बरामद

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पांच मजदूर कर्नाटक के Mangaluru में लापता हो गए हैं। इनमें से एक मजदूर का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान रविदास के रूप में की जा रही है। हालांकि अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के देवरी ग्राम पंचायत की तेंदूकोन्हा बस्ती के रहने वाले भंवर साय, रविदास, खमन दास, अजय यादव और ईश्वर सिंह 11 फरवरी को मजदूरी के लिए मेंगलुरु गए थे। उनके साथ झारखंड का एजेंट गोविंद भी था।

बताया जा रहा है कि मेंगलुरु पहुंचने के बाद भंवर साय और रविदास अचानक लापता हो गए। साथ गए मजदूरों के अनुसार, वे स्टेशन के बाहर चाय पीने गए थे, तभी रविदास गायब हो गया और कुछ देर बाद भंवर साय भी नहीं मिला।

मेंगलुरु पुलिस ने एक अज्ञात शव बरामद किया है, जिसे रविदास का बताया जा रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बाकी मजदूरों की तलाश शुरू कर दी है।

इधर परिजनों ने पूरे मामले की गहन जांच और मजदूरों को ले जाने वाले एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद कोरबा क्षेत्र में चिंता का माहौल है और लोग लापता मजदूरों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

Spread the word