डीएसपीएम प्लांट में दिखा जहरीला कोबरा, आरसीआरएस टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा 08 मार्च। छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार दोपहर डीएसपीएम प्लांट के अंदर एक जहरीला कोबरा दिखाई देने से कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। सांप फन फैलाए हुए था, जिसे देखकर वहां काम कर रहे लोग सतर्क हो गए और तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने पर आरसीआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान प्लांट के कर्मचारियों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखी और टीम के काम में सहयोग किया। बताया गया कि डीएसपीएम प्लांट परिसर में इससे पहले भी कई बार जहरीले सांप दिखाई दे चुके हैं। ऐसे में कर्मचारियों ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत रेस्क्यू टीम को बुलाया।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने आरसीआरएस टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था खतरनाक सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें बिना नुकसान पहुंचाए जंगल में छोड़ती है और लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक भी करती है।
इस मौके पर अविनाश यादव ने कहा कि अब लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। पहले डर या अज्ञानता के कारण सांपों को मार दिया जाता था, लेकिन अब लोग रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं और उनके आने तक सांप पर नजर रखते हैं।
