ग्राम पंचायत जल्के में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की महापंचायत

प्रस्तावित कोल खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने भरी हुंकार
कोरबा । जिले के पसान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जल्के में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक एवं तुलेश्वर सिंह मरकाम के निर्देश तथा जिला पंचायत सदस्य एवं जिलाध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर क्षेत्रीय समस्याओं और प्रस्तावित कोल खनन परियोजना पर खुलकर अपनी बात रखी।
बैठक के दौरान संभावित खनन कार्य को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। उपस्थित जनसमुदाय ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर उनकी जमीन और जल-जंगल को नुकसान पहुंचाने वाली परियोजना स्वीकार नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि खनन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया तो वे विरोध प्रदर्शन से लेकर अनिश्चितकालीन धरना तक का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। उल्लेखनीय है कि ग्राम जल्के के समीप स्थित बीजाड़ांड़ क्षेत्र में प्रस्तावित रूंगटा कोल ब्लॉक आवंटन के विरोध में ग्रामीण पिछले एक माह से अधिक समय से अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। महापंचायत में उपस्थित लोगों ने इस आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र के ग्रामीण एकजुट हैं और किसी भी सूरत में कोल कंपनी को कार्य प्रारंभ नहीं करने दिया जाएगा।
महापंचायत में गोंगपा युवा मोर्चा जिला संगठन मंत्री विनोद कुमार आरमो, ब्लॉक उपाध्यक्ष मुकेश पोया, मनोज कुमार मरावी, भुवनपाल सिंह पेन्द्रो, धरमपाल सिंह मरकाम, शिवकुमार श्याम, मंगल सिंह ओलाड़ी, सुखनंदन सिंह पुहुप, नरेंद्र राज, रामभरोष आयम, बुधराम मसराम, गणेश उईके, रघुनाथ मसराम, कौशिक पुलस्त, विजय पुहुप, राहुल कुरूम, शंकर ओलाड़ी, संतोष मसराम, रामप्रसाद पंडो, परमेश्वरी पंडो, दिलकुंवर पंडो, राजेन्द्र कमरो सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। महापंचायत के माध्यम से ग्रामीणों ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि क्षेत्र में खनन को लेकर विरोध अब व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
